कसया/खड्डा। लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की घोषणा से कोटेदारों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस निर्णय की सराहना की गई। सोमवार को नगर पालिका कसया व खड्डा ब्लॉक सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। मुख्यमंत्री ने उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल करने की घोषणा के साथ ही ई-पॉस मशीन के माध्यम से फीडबैक की नई व्यवस्था की शुरुआत भी की। कोटेदार राशन की आपूर्ति और वितरण से जुड़ी समस्याओं और सुझावों को डिजिटल माध्यम से शासन तक पहुंचा सकेंगे
खड्डा ब्लॉक सभागार में कोटेदार संवाद कार्यक्रम हुआ। इसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के कोटेदार, पार्टी पदाधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। सांसद विजय कुमार दुबे और खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय ने उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि के निर्णय को सरकार का महत्वपूर्ण कदम बताया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया। सांसद विजय दुबे ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने में कोटेदारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार द्वारा उनके हित में लिया गया निर्णय उनके कार्य को और मजबूती देगा।
विधायक विवेकानंद पांडेय ने कहा कि लाभांश में वृद्धि से कोटेदारों को आर्थिक राहत मिलेगी और वे अधिक उत्साह के साथ पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न पहुंचाने का कार्य कर सकेंगे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि उचित दर विक्रेता सरकार और गरीब परिवारों के बीच खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार के इस निर्णय से उनके हितों को मजबूती मिलने के साथ ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली के संचालन को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता, पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया। उपस्थित कोटेदारों ने लाभांश बढ़ाने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे अपने हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।