दुदही। बीआरसी परिसर में चल रहे तीन दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर अंतिम दिन बुधवार को प्रशिक्षित बच्चों ने परेड, बैंड वादन सहित विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन कर प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई दक्षता का परिचय दिया।
मुख्य अतिथि दुदही नगर पंचायत अध्यक्ष सायदा खातून ने कहा कि स्काउट गाइड का प्रशिक्षण बच्चों को समाज के प्रति जिम्मेदार बनाने में सहायक है। सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना को व्यवहार में उतारकर बच्चे अपने आसपास सकारात्मक वातावरण बनाने में योगदान दे सकते हैं। सभी प्रशिक्षित बच्चों को शिविर में मिली जानकारी जीवन में उतनी चाहिए। बीईओ रीता गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन का विशेष महत्व है। प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई गतिविधियों और जीवनोपयोगी बातों को बच्चे नियमित जीवन में अपनाएं। जिला स्काउट मास्टर नीरज बंका ने कहा कि स्काउट गाइड प्रशिक्षण बच्चों को आत्मनिर्भरता के साथ कठिन परिस्थितियों में धैर्यपूर्वक कार्य करने और एक-दूसरे का सहयोग करने की सीख देता है। उन्होंने बच्चों को प्रशिक्षण की उपयोगिता को समझते हुए इसे व्यवहार में उतारने के लिए प्रेरित किया। अंत में प्रभारी प्रधानाध्यापक नूर मोहम्मद ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया।
इस दौरान मोहम्मद रईस, पंकज कुमार, अंकिता, अरुणेंद्र कुमार राय, रामनिवास जायसवाल, रवि गुप्ता, अजय कुमार, सत्येंद्र सिंह, अनिल कुमार, सुमन यादव, अनंत अग्रवाल, जनार्दन प्रजापति आदि मौजूद रहे।