पडरौना। अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन करने की तिथि बढ़ाकर अब 15 फरवरी कर दिया गया है। यह जानकारी श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय ने शनिवार को दी। उन्होंने बताया कि श्रम विभाग में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों व अनाथ बच्चों को उच्च गुणवत्तापूर्ण एवं नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा छह और नौ में प्रवेश के लिए आवेदन 15 फरवरी तक कर सकते हैं।
कहा कि इसके लिए ऐसे निर्माण श्रमिक पात्र होंगे, जो उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में 30 नंवबर 2022 तक पंजीकृत हैं। ऐसे पंजीकृत श्रमिकों के दो बच्चे प्रवेश के लिए पात्र होंगे। इसमें महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले अनाथ बच्चे भी आवेदन के लिए पात्र होंगे। बताया कि आवेदन पत्र जिला श्रम कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। बताया कि वेबसाइट upbocw.in के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है। कहा कि पहले यह तिथि 31 जनवरी तक ही थी। इसमें प्रवेश परीक्षा की तिथि भी 22 फरवरी से बढ़ाकर आठ मार्च किया गया है।