-डॉक्टर दे रहे हेलमेट और चश्मा पहनकर बाइक चलाने की सलाह
कसया। मौसम में बदलाव से माहू कीटों का प्रकोप बढ़ गया है। ऐसे में अगर आप बाइक चला रहे हैं तो हेलमेट या चश्मा जरूर लगाएं। माहू कीट आंख को जख्मी कर रहे हैं। पड़ने के बाद आखें लाल होने के साथ ही कई समस्याएं खड़ी हो जा रही हैं। नगर स्थित सीएचसी के नेत्र विभाग की ओपीडी में प्रतिदिन इस तरह के 15 से 20 मरीज आ रहे हैं।
मौसम के बदलाव से माहू कीट की संख्या बढ़ गई है। दोपहर बाद ये कीट पौधों को छोड़कर हवा में उड़ने लगते हैं। आंख में पड़ने के बाद मिर्च जैसी चुभन और जलन होने लगती है। इससे आंख लाल में सूजन भी आ जाती है। जबकि कई बार आंख में माहू कीट पड़ जाने से हादसा होने की भी आशंका रहती है। चिकित्सकाें का कहना है कि यदि आंख में माहू कीट पड़ जाए तो बिना डाॅक्टर को दिखाए आंख में कोई ड्रॉप न डालें। ऐसा करना आंख के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है।
बार-बार न रगड़ें आंख
विशेषज्ञों का कहना है कि इस मौसम में कीटों की प्रजनन दर बढ़ जाती है। इस दौरान कई प्रकार के कीट पैदा हो जाते हैं। जो पौधों पर रहते हैं और फिर उड़ते हैं। अगर ये आंख में पड़ जाएं तो जलन महसूस होने लगती है। कई बार ये आंखों को काफी नुकसान पहुंचा देते हैं। ऐसे में अगर आंख में कीट पड़ जाए तो आंख को बार-बार न मलें।
-बिना चिकित्सकीय परामर्श के कोई ड्रॉप न डालें। इससे इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है। नेत्र चिकित्सक को दिखाने के बाद ही दवा लें। बाइक चलाते समय हेलमेट या चश्मा जरूर लगाएं। - डॉ. स्नेहा कुमारी, नेत्र रोग विशेषज्ञ, सीएचसी कसया