पडरौना। लापता अनुराग श्रीवास्तव का शव मिलने के मामले में बुधवार को भाई अभिलाष श्रीवास्तव ने गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलकर सीबीसीआईडी जांच कराने की मांग की। उसने बताया कि कुशीनगर पुलिस की लापरवाही से मेरे भाई की हत्या हुई है। पुलिस अगर सक्रिय हुई होती तो शायद वह जिंदा मिल गया होता। कुशीनगर पुलिस से भरोसा उठ गया है। रामकोला थाना क्षेत्र केे पकड़ी बांगर गांव निवासी अनुराग श्रीवास्तव (24) 19 जनवरी को अपने शादी का कार्ड लाने के लिए घर से निकला था। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के बहुपरना गांव के सामने बड़ी गंडक नदी के पास से गायब हो गया। वहां पर उसकी बाइक मिली थी।
भाई अभिलाष श्रीवास्तव की तहरीर पर नेबुआ नौरंगिया पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज किया था। युवक की शादी फरवरी महीने में होने वाली थी। इसको लेकर एसपी से अनुराग के भाई मिले। एसपी के आदेश पर सर्विलांस, स्वॉट के अलावा नेबुआ नौरंगिया, रामकोला पुलिस ने लापता युवक को ढूंढ़ने का प्रयास शुरू किया। अभिलाष ने बताया कि पुलिस सिर्फ एक ही बात कहती रही कि अनुराग शादी नहीं करना चाहता था। इसलिए घर छोड़ा है। वह आ जाएगा, लेकिन 16 मार्च को उसकी लाश गंडक नदी में मिली। एसपी से मिलकर सीबीसीआईडी जांच की मांग की थी। कुशीनगर पुलिस से भरोसा उठने के बाद अभिलाष मंदिर में सीएम से मिले और शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष जांच व सीबीसीआईडी जांच कराने की मांग की है।