कसया। नगर के देवरिया मार्ग पर रामाभार पुल के समीप 19 अक्तूबर की रात हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक और युवक की मौत हो गई। अंकित कुमार (23) ने शुक्रवार रात बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
हादसे में जान गंवाने वालों में मठिया रत्ती निवासी नितेश प्रसाद (22), प्रदीप प्रसाद (23), गढ़रामपुर निवासी आदित्य कनौजिया (18) और संजीव शर्मा (25) शामिल हैं। वहीं, अंकित यादव (24) पुत्र विजय शंकर यादव और अंकित यादव (25) पुत्र धर्मेंद्र यादव, दोनों निवासी देउरवा, थाना तरकुलवा, जिला देवरिया हादसे में घायल हुए थे। दोनों का रविंद्रनगर स्थित मेडिकल कॉलेज में इलाज हुआ था। अब वे अस्पताल से घर लौट चुके हैं। परिजनों के अनुसार, दोनों की हालत ठीक है।
सभी युवक 19 अक्तूबर की शाम कार से कसया में नवरात्र और दशहरा का मेला देखने आए थे। रात करीब 11:20 बजे घर लौटते समय रामाभार पुल के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल अंकित कुमार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया था। वहां शुक्रवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस हादसे की जांच कर रही है। इस संबंध में एसओ इत्यनंद पांडेय ने पुष्टि करते हुए बताया कि घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हुई है।