अहिरौली बाजार। गोरखपुर-कप्तानगंज रेल मार्ग पर मंगलवार की सुबह करीब चार बजे अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के मुजहना गांव के पास नाराज होकर घर से निकले एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गांव तवक्कलपुर निवासी सीताराम प्रसाद (50) सोमवार की रात करीब दस बजे परिजनों से नाराज होकर घर से निकले थे। परिजन रात से ही उनकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार की भोर करीब चार बजे सीताराम का शव अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के गांव मुजहना गांव के पास रेलवे ट्रैक के बीच में मिला। घटना की जानकारी गाड़ी संख्या 05323 समर स्पेशल ट्रेन के चालक ने बोदरवार स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने अहिरौली बाजार पुलिस एवं रेलवे पुलिस को सूचना दी। रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को ट्रैक से हटवाया। रेलवे ट्रैक के बीच में शव पड़े रहने से पिपराइच स्टेशन पर करीब एक घंटे तक पाटलिपुत्र एक्सप्रेस ट्रेन खड़ी रही।
करीब एक घंटे बाद पहुंची अहिरौली बाजार थाने के एसआई जनार्दन सिंह शव काे कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने में जुट गए। कुछ देर बाद मृतक की पहचान कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गांव तवक्कलपुर निवासी सीताराम के रूप में हुई। पुलिस की सूचना पर पहुंचे मृतक के बड़े पुत्र रमेश कुमार ने उनकी पहचान की। उन्होंने बताया कि सोमवार देर शाम को घर पर आधार कार्ड मांग रहे थे। नहीं देने पर घर से रात करीब दस बजे वे नाराज होकर निकले थे। रात से ही उनकी तलाश की जा रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।