मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के जरार और मनिकौरा उपकेंद्र से जुड़े गांवों में बिजली कटौती से नाराज लोगों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। बिजली उपकेंद्र पर पहुंचे लोगों ने जेई के न होने पर हंगामा किया। लोगों का आरोप है कि गांवों की बिजली कटौती कर पडरौना शहर को बिजली आपूर्ति दी जा रही है।
इसके चलते लोगों को गर्मी में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि 10 जुलाई तक बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से मिलनी शुरू नहीं हुई तो 11 जुलाई को धरना देने को बाध्य हाेंगे। अपनी मांगों का पत्रक लोगों ने एसएसओ को सौंपा। जरार और मनिकौरा उपकेंद्र से जुड़े 50 से अधिक गांव में पिछले एक सप्ताह से इस भीषण गर्मी में बेतहाशा बिजली की कटौती हो रही है। आरोप है कि शाम छह बजे के बाद ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति ठप कर पडरौना शहर को बिजली आपूर्ति दी जा रही है।
इसी मामले को लेकर मंगलवार को उपभोक्ता काफी संख्या में किन्नर पट्टी दुर्गा मंदिर परिसर में जुटे और बैठक किए और बिजली निगम के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया। बैठक के बाद तय हुआ कि पहले ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या बताई जाएगी। उपभोक्ता जब सपा नेता बिजेंद्र यादव बबलू यादव की अगुवाई में जरार उपकेंद्र पर गए तो दोपहर 12 बजे तक अवर अभियंता पीएन कौशिक नहीं आए थे।
इससे नाराज उपभोक्ता उपकेंद्र पर हंगामा करने लगे। अवर अभियंता के गैरमौजूदगी में एसएसओ को ज्ञापन देकर जल्दी समाधान कराने की मांग की और समाधान नहीं होने पर 11 जुलाई को धरना देने की चेतावनी दी। सपा नेता ने एक्सईएन से तत्काल रात के समय बिजली कटौती को रोके जाने की मांग की। इस दौरान सपा नेता बिजेंद्र यादव बबलू, अखिलेश यादव, रितेश गुप्त, पुनीत त्रिपाठी, शुभम यादव, दिनेश यादव, शहाबुद्दीन अंसारी, संदीप गुप्त, राकेश गिरी सहित काफी संख्या में बिजली उपभोक्ता मौजूद रहे।