रविंद्र नगर शिवमंदिर परिसर में बैठक करतीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता।स्रोत-सोशल मीडिया
पडरौना। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की बृहस्पतिवार को रविंद्रनगर स्थित शिवमंदिर परिसर में बैठक हुई। इसमें बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाकर कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां मानदेय बढ़ाने अन्य मांगों को पूरा करने की मांग को लेकर सीएम को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
संघ के जिलाध्यक्ष रजिया आगा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं प्रदेश में बाल विकास, पोषण और अन्य योजनाओं के संचालन में अहम भूमिका निभा रही हैं। इसके बावजूद सरकार की ओर से बढ़ाई गई मानदेय वृद्धि से संगठन संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,500 रुपये और सहायिकाओं के मानदेय में 750 रुपये की वृद्धि का उल्लेख है। इसके अलावा पीएलआई के तहत कार्यकर्ताओं को 2,500 रुपये और सहायिकाओं को 1,250 रुपये दिए जाने की बात कही गई है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को संविदा परिषद में शामिल करते हुए न्यूनतम मानदेय कम से कम 18 हजार रुपये देने और पोषण ट्रैकर में जीपीएस की अनिवार्यता खत्म करने की भी मांग की। इस दौरान जितेंद्र दीक्षित, रेनू राय, सुरेश मिश्र, मीरा दुबे, शांति, उषा शर्मा, नीलम पांडेय आदि मौजूद रहीं।