कसया में अतिक्रमण हटाती जेसीबी। संवाद
कसया। नगर में बढ़ती जाम की समस्या और आमजन के आवागमन को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कदम उठाया। एसडीएम कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल की अगुवाई में तहसील प्रशासन एवं नगरपालिका परिषद कुशीनगर द्वारा संयुक्त रूप से प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण हटाने का व्यापक अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत गांधी चौक, सपहा मार्ग सहित अन्य मुख्य सड़कों की पटरियों पर दुकानदारों व व्यवसायियों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। प्रशासन द्वारा पूर्व में कई बार नोटिस एवं चेतावनी दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर यह कार्रवाई की गई।
फल, सब्जी, सड़क के किनारे लगे फुटपाथ की दुकानों पर किए गए अतिक्रमण को नगरपालिका कर्मियों ने जेसीबी मशीन की सहायता से हटवाया। वहीं गुमटी, टीनशेड, छज्जे एवं चौकी आदि को हटाकर नगरपालिका के वाहनों से नगर से बाहर भेजा गया। इसके पश्चात रामकोला मार्ग स्थित एयरपोर्ट की भूमि पर अवैध रूप से किए गए कब्जों पर भी कार्रवाई की गई।
इस दौरान गैर-आवासीय ढांचों को तत्काल ध्वस्त कर दिया गया, जबकि आवासीय मकानों में निवास कर रहे लोगों को 24 घंटे का समय देते हुए स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल ने बताया कि अतिक्रमण के कारण नगर में बार-बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विस्थापित दुकानदारों के लिए वैकल्पिक स्थान चिन्हित किया गया है, जहां उन्हें व्यवस्थित रूप से व्यवसाय करने की सुविधा दी जाएगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि नगर के सभी मार्गों पर चरणबद्ध तरीके से अभियान चलाकर अतिक्रमण पूरी तरह हटाया जाएगा। इस दौरान दौरान तहसीलदार धर्मवीर सिंह, राजस्व निरीक्षक ब्रजेश मणि आदि मौजूद रहे।