रामकोला। कस्बा के अमवा शिव मंदिर की सड़क और मंदिर भवन का सुंदरीकरण का कार्य पूरा हो गया है। अब रात में मंदिर दुधिया रोशनी से जगमग होगा। इसके लिए वहां शीघ्र ही विक्टोरिया लाइट लगाई जाएगी। इन विकास कार्यों पर 34 लाख खर्च होंगे।
आदर्श नगर पंचायत रामकोला में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत विभिन्न परियोजनाओं के अंतर्गत विकास कार्य कराए जा रहे हैं। 14 लाख रुपये की लागत से अमवा मंदिर के पास सड़क की दोनों पटरियों का इंटरलॉकिंग कार्य समेत मंदिर परिसर का सुंदरीकरण कार्य पूरा करा लिया गया है। अब वहां 20 लाख रुपये खर्च कर विक्टोरिया लाइट लगाई जाएगी। इसकी तैयारी नगर पंचायत की तरफ से पूरी कर ली गई है। इस माह के अंत तक विक्टोरिया लाइट लगाने का कार्य भी पूरा करा लिया जाएगा। इसके बाद रात के समय मंदिर परिसर दुधिया रोशनी से जगमग होगा। चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश कुमार चौधरी ने बताया कि मंदिर परिसर के सुंदरीकरण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। मंदिर के पास सड़क की दोनों पटरियों का इंटरलॉकिंग कार्य पूरा हो गया है। अब मंदिर परिसर में जगह-जगह विक्टोरिया लाइट लगना है। लाइट लगाने का कार्य भी इस माह में पूरा करा लिया जाएगा।