- दूसरे दिन धरने में शामिल हुई महिलाएं, बोलीं- मुआवजा वितरण में मनमानी कर रहा प्रशासन
गंगुआ बाजार। एनएच-727बी निर्माण की जद में आने वाले किसानों ने प्रशासन पर भूमि का उचित मुआवजा नहीं देने का आरोप लगाते हुए बेमियादी धरना शुरू किया है। दूसरे दिन कई गांवों से पहुंची महिलाओं ने प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए किसानों के मांग के मुताबिक मुआवजा देने के लिए हुंकार भरी। पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू भी किसानों के साथ धरने में शामिल रहे।
तमकुहीराज से बिहार प्रांत होते हुए देवरिया के भाटपारानी, सलेमपुर के मझौलीराज, नवलपुर, भागलपुर होते हुए वाराणसी जाने वाली एनएच-727बी सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित किसानों की भूमि के लिए जैसे ही प्रभावित किसानों में प्रशासन ने मुआवजा बांटना शुरू किया तो प्रशासन और किसानों में ठन गई। किसानों का आरोप था कि प्रशासन उन्हें उचित मुआवजा नहीं दे रहा है।
किसानों की मांग है कि उन्हें सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा दिया जाए। इसी गतिरोध को लेकर किसानों और प्रशासन के बीच कई बार वार्ता भी हुई, लेकिन बात नहीं बनी। पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू ने कहा कि सरकार को इस पर विचार करना चाहिए। किसानों की जमीन का उचित मुआवजा मिलना चाहिए। रामकोला चट्टी पर शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
दूसरे दिन धरने में डॉ. प्रभु गुप्ता, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सर्वेंद्र खरवार टोनी, सभासद उपेंद्र चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष शहाबुद्दीन अंसारी, रामप्रताप, हरिकेश सिंह, राम अवध चौहान आदि मौजूद रहे।