-पीड़ितों की तहरीर पर नहीं हुई कार्रवाई तो एसपी से मिलकर लगाई न्याय की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के चैती मुसहरी के तीन लोगों ने गांव के ही एक युवा नेता पर नौकरी दिलवाने और खेत का बंटवारा कराने के नाम पर ठगी का आरोप लगाया है। कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो बृहस्पतिवार को पीड़ितों ने एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। आरोप है कि न तो नौकरी लगी और न ही दिया गया रुपया वापस किया जा रहा है। आरोप यह भी है कि किसी सत्ता पक्ष के मंत्री का रौब युवा नेता दिखा रहा है। इस मामले में रुपये लेते हुए युवक का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
चैती मुसहरी गांव निवासी दीप नारायन ने एसपी को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके गांव के एक युवा नेता ने उनके पोते को नौकरी दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये ले लिए हैं। जब नौकरी नहीं लगी तो रुपये वापस नहीं कर रहा है, और मंत्री के नाम का रौब दिखाते हुए धमकी दे रहा है। इस मामले में पीड़ित ने युवा नेता का रुपये लेते हुए वीडियो भी बना लिया और उसे वायरल कर दिया। वहीं, इसी गांव के रहने वाले मुखलाल चौहान ने भी आरोप लगाया कि उनके बेटे की नौकरी लगाने के नाम पर 30 हजार रुपये कथित युवा नेता ने लिए हैं। गांव के तीसरे पीड़ित अर्जुन चौहान ने खेत बंटवारा कराने के नाम पर 30 हजार रुपये देने का आरोप युवक पर लगाया है।
तीनों पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस की ओर से जब कार्रवाई नहीं की गई तो तीनों बृहस्पतिवार को एसपी कार्यालय पहुंच गए और एसपी संतोष कुमार मिश्र को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ितों ने बताया कि एसपी ने मामले में तत्काल कोतवाली पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया है।