-विशुनपुरा ब्लॉक के चिरगोड़ा गांव में जमीन विवाद को लेकर सगी बहनों ने दी आत्मदाह की धमकी
-सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर और सीओ की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच कराया गया समझौता
संवाद न्यूज एजेंसी
मंसाछापर। जमीन विवाद को लेकर चिरगोड़ा गांव में दो सगी बहनों ने आत्मदाह की चेतावनी दी। इसकी जानकारी होते ही बृहस्पतिवार की सुबह से गांव में पुलिसफोर्स तैनात कर दी गई। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर व्यास नारायण उमराव और सीओ अभिषेक प्रताप अजेय भी थाने पहुंच गए और दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद समझौता करा दिया।
जटहा बाजार थाना क्षेत्र के चिरगोड़ा गांव की दो सगी बहनें शायदा और हाजरा का कहना था कि उनके पिता नहीं हैं और पट्टीदार चाचा रमजान ने घर से निकाल दिया है। इस मामले में कहीं न्याय नहीं मिला। दोनों बहनों ने प्रशासन को शिकायतीपत्र भेज चेतावनी दी थी, कि अगर 11 सितंबर तक न्याय नहीं मिला तो वे 12 सितंबर को सीएम कार्यालय जाएंगी, जहां न्याय नहीं मिलने पर आत्मदाह करेंगी। मामले की जानकारी होते ही बुधवार को नायब तहसीलदार ने मौके का निरीक्षण किया। बृहस्पतिवार की सुबह से ही चिरगोड़ा गांव में पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया।