पडरौना। महाकुंभ मेला पूरा होने के बाद रोडवेज बसें जिले में लौट आईं हैं। इससे शहर समेत आसपास के गांवों से जाने वाले दैनिक यात्रियों को परेशानी से निजात तो मिलेगी ही साथ ही अब होली पर बड़े शहरों से घर लौटने वाले लोगों को भी सहूलियत होगी।
होली पर बाहर से आने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अभी डिपो की तरफ से दिल्ली के लिए प्रतिदिन दो और लखनऊ के लिए तीन बसें तैनात की गई हैं। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों की संख्या और फेरे दोनों बढ़ा दिए जाएंगे। पडरौना डिपो के एआरएम जयप्रकाश प्रधान ने बताया कि महाकुंभ में भेजी गई सभी रोडवेज बस लौट आई हैं। उन्होंने बताया कि 14 मार्च को होली पर्व मनाया जाना है। इसको लेकर तैयारी शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि रोडवेज बस स्टैंड में इस समय कुल 50 बसे हैं, जिसमें से 21 बस अनुबंधित और 29 बस निगम की हैं। उन्होंने कहा कि बसों की कोई कमी नहीं है। होली को लेकर दिल्ली, हापुड़, मेरठ, बिजनौर, बुलंदशहर, मुरादाबाद समेत अन्य मार्गों पर पूर्व में संचालित प्रतिदिन दो बस और लखनऊ के लिए प्रतिदिन तीन बसों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा दो बसें कानपुर जाती हैं। यदि जरूरत पड़ी तो लंबी दूरी की बसों की संख्या और फेरे दोनों बढ़ाए जाएंगे। यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।