पडरौना। महात्मा बुद्ध कृषि विवि और जिला जेल के निर्माण की सुस्त चाल देख डीएम नाराज हो गए और कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि बरसात से पहले स्ट्रक्चर का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा करें। लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम विशाल भारद्वाज निर्माणाधीन कृषि विवि और जिला जेल का चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। कृषि विवि का निर्माण अभी तक सिर्फ तीन प्रतिशत हुआ है, जबकि अब तक पायलिंग का कार्य पूरा हो जाना चाहिए था।
एकेडमिक ब्लॉक, बाउंड्रीवॉल की पायलिंग समेत अन्य कार्यों का पीपीटी के माध्यम से अवलोकन करते हुए पीपीटी के पुराने-नए कार्यों का फोटोग्राफ उपलब्ध कराने को कहा। जिला जेल का निर्माण कार्य सिर्फ 31 प्रतिशत पूरा हो जाना चाहिए था जो सिर्फ 20 प्रतिशत ही हो पाया है। डीएम ने बैरक, कैपेसिटी ब्लॉक, मल्टी परपज हाॅल, कम्युनिटी सेंटर, बाउंड्रीवाॅल के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
बैठक में शामिल कार्यदायी संस्था के जिम्मेदार और इंजीनियरों से कहा कि निर्माण कार्य की गति सुस्त है। इसमें तेजी लाया जाए, कहीं से कोई दिक्कत आ रही है तो उसे दूर किया जाए। जून से पहले स्ट्रक्चर का कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि बरसात के दिनों में निर्माण कार्य जारी रहे। इसमें लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। इस सीडीओ गुंजन द्विवेदी समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।