हाटा। कोतवाली क्षेत्र की एक युवती को उसी के गांव के रहने वाले दूसरे समुदाय के एक युवक ने प्रेमजाल में फंसाया और फिर तीन माह पहले भगाकर उसका धर्म परिवर्तन करा दिया। इसके बाद युवती से शादी कर ली। चेन्नई ले जाकर उसकी पिटाई कर रहा है। लड़की ने अपने पिता को मोबाइल फोन पर खून से लथपथ फोटो भेजा है। पिता ने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। युवती के पिता का आरोप है कि अगर पुलिस तीन माह पूर्व समय सक्रिय हुई होती तो आज यह दिन नहीं देखना पड़ता।
हाटा कोतवाली क्षेत्र का यह मामला तीन माह पुराना है, लेकिन अब लड़की के साथ उसका प्रेमी मारपीट कर रहा है। उसे जान से मारने की भी धमकी दे रहा है। वह युवती को लेकर चेन्नई में रहता है। प्रेमी की प्रताड़ना से परेशान होकर लड़की ने दो दिन पहले अपने पिता को फोन कर मदद की गुहार लगाई। लड़की ने अपने पिता के मोबाइल फोन पर जो तस्वीरें भेजी हैं उसमें उसके नाक और चेहरे से खून निकलता दिखाई दे रहा है। बेटी की तस्वीर देख कर परिवार के लोग परेशान हैं।
पिता ने हाटा कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर सौंपकर बेटी के सुरक्षा की मांग की है। पिता ने बताया कि बेटी को अब अपनी गलती का एहसास हुआ है। अब वह अपने प्रेमी से बचाने की गुहार लगा रही है। उनका आरोप है कि जान बूझकर दूसरे समुदाय युवक, लड़कियों को निशाना बनाते हैं। प्रेमजाल में फंसा कर पहले उनका धर्म परिवर्तन कराते हैं और बाद में उनके धर्म के अनुसार नहीं रहने पर मारपीट करते हैं।
पिता का कहना है कि यही हाल मेरी बेटी के साथ भी हो रहा है। तीन माह पूर्व शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर शांत हो गई थी। कोतवाल राम सहाय चौहान ने बताया कि इस मामले में पहले से मुकदमा दर्ज है। लड़की से संपर्क किया गया है, दो-तीन दिनों में वह वापस आ रही है। उसके आने के बाद जांच आगे बढ़ेगी और युवक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।