पडरौना। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के निर्देश पर छह मांगों को लेकर 16 अगस्त से धरना दे रहे लेखपाल सोमवार को दोपहर में लखनऊ के लिए रवाना हो गए। लेखपाल बस से एक साथ लखनऊ के लिए निकले।
कलेक्टे्ट के बाहर धरना दे रहे लेखपालों ने कहा कि उनकी छह सूत्रीय मांगों को पूरा करने के लिए सरकार की ओर से अब तक ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लेखपालों की मांगों में एसीपी विसंगति दूर करना, पदनाम राजस्व उपनिरीक्षक, शैक्षिक योग्यता स्नातक करते हुए वेतनमान 5200-20200 ग्रेड पे 2800 कि या जाना, कॉडर पूर्ववत जनपदस्तरीय, तबादला नीति में संशोधन, पांच लेखपालों पर एक राजस्व निरीक्षक, राजस्व परिषद के आदेश के अनुपालन में 626 पदों को सृजित करना, ई-डिस्ट्रिक्ट और योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए लैपटॉप उपलब्ध कराना, पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू कराना आदि शामिल है। इस दौरान लेखपालों ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन में लेखपाल अपनी अहम भूमिका निभाते हैं, लेकिन उनके हितों का ख्याल नहीं रखा जा रहा है।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष संजीवन कुमार मिश्र, जिला मंत्री निलेश रंजन राव, प्रमोद यादव, अशोक वर्मा, प्रदीप गुप्ता, मुकुट बिहारी, रामनक्षत्र वर्मा, बृजनरायन सिंह, अरविंद पति त्रिपाठी तहसील अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी, शिव मुरारी लाल, रमेश, हरिशंकर सिंह, शैलेश मिश्र, अशोक सिंह सहित अन्य लेखपाल मौजूद थे।