मथौली। कप्तानगंज थाना क्षेत्र सतभरिया गांव के नान्हू मुंडेरा टोला में बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद पिकअप ने किसान को कुचल दिया। गांव वालों ने पिकअप को रोक लिया। घायल बाइक सवार को सीएचसी पर इलाज के लिए भेजा, सूचना पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। किसान खेत में लगी फसल देखने के बाद पैदल घर लौट रहे थे इस दौरान दुर्घटना हुई।
समतभरिया गांव निवासी अनिरूद्ध (58) बुधवार को अपने खेत में फसल देखने गए थे, इसके बाद वह पैदल घर लौट रहे थे, अभी वह गांव के नान्हू मुंडेरा टोले पर पहुंचे थे कि कोटेदार के घर पास कुछ लोग मिल गए और सड़क के किनारे खड़ा होकर बात करने लगे। इस दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दिया। इसके बाद साइड से पिकअप लेकर चालक भागना चाहा। इस दौरान सड़क के किनारे खड़े अनिरुद्ध का गमछा पिकअप में फंस गया और वह जमीन पर गिर गए और पिकअप का पहिया सिर पर चढ़ने से उनकी मौत हो गई। वहीं हाटा कोतवाली क्षेत्र के अथरहा गांव निवासी बाइक सवार विनोद प्रसाद (55) घायल हो गए। हादसे के बाद आए लोगों ने पिकअप को रोक लिया और दोनों लोगों को मथौली सीएचसी पर भेजा, जहां डॉक्टरों ने किसान को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाइक सवार विनोद को प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर कर दिया। पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में लेने के बाद पिकअप को कब्जे में लेकर थाने चले गए। कप्तानगंज थानाध्यक्ष चंद्रभूषण प्रजापति ने बताया कि शव को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।