रविन्द्र गुप्ता की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।स्रोत-सोशल मीडिया
बोदरवार। पत्नी से विवाद के बाद पोखरभिंडा नंबर वन टोला भगवानपुर के रवींद्र गुप्ता ने कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सुधियानी रेलवे ढाला के पास बुधवार भोर में जननायक एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि मंगलवार दोपहर में पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। रवींद्र गुप्ता की मौत से तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
बताया जाता है कि मंगलवार दोपहर में रवींद्र गुप्ता (28) का अपनी पत्नी से किसी बात पर विवाद हो गई। इससे नाराज होकर रवींद्र घर से निकल गए। शाम तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। बुधवार सुबह सुधियानी रेलवे ढाले के पास उनका शव मिला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जन नायक एक्सप्रेस ट्रेन के सामने कूदकर युवक ने खुदकुशी कर ली। बेटे की मौत से मां सुकुला देवी और पिता किशुनधारी गुप्ता सदमे से बेहोश हो गए। गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
रवींद्र गुप्ता कर्नाटक में टाइल्स मिस्त्री का काम करते थे और काफी मिलनसार थे। वह माता-पिता के सबसे बड़े पुत्र और परिवार का सहारा थे। रवींद्र अपने पीछे पत्नी उर्मिला देवी और तीन संतानों पुत्री अमृता (13), अंशिका (8 ) और पुत्र आनंद (6)को छोड़ गए है। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रवींद्र के दूसरे भाई वीरेंद्र गुप्ता विवाहित हैं और घर पर ही रहते है, जबकि सबसे छोटा भाई देवेंद्र गुप्ता मुंबई में काम करता है। पत्नी से किस बात को लेकर विवाद हुआ था। इसकी जानकारी परिवार के सदस्यों को भी नहीं है। थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने बताया कि रवींद्र गुप्ता ने पारिवारिक विवाद में खुदकुशी की है।