नौतार जंगल गांव में विवाद सुलझाने पहुंचे एसडीएम व सीओ।संवाद।
- फोटो : KUSHINAGAR
विवाद सुलझाने पहुंची प्रशासनिक टीम, महिलाओं ने किया हंगामा
खड्डा। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के नौतार जंगल गांव स्थित मंदिर के पास जमीन पर कब्जे के मामले में शुक्रवार देर रात दो पक्ष आमने-सामने आ गए। शनिवार की सुबह इस विवाद को सुलझाने पहुंचे प्रशासनिक कर्मियों के सामने महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। विवाद होने पर तीन थानों से पुलिस बुलाई गई। सीओ और तहसीलदार ने किसी तरह से लोगों को समझाकर शांत कराया।
नौतार जंगल गांव में शुक्रवार की देर रात मंदिर के पास की जमीन पर कब्जे को लेकर दोबारा विवाद हो गया। इसकी सूचना पाकर एसडीएम और सीओ सहयोगियों के साथ पहुंच गए। लोगों को शांत कराकर शनिवार को मामले का निस्तारण करने की बात कही। शनिवार को एसडीएम भावना सिंह के आदेश पर नायब तहसीलदार रवि यादव पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। भूमि को लेकर एक पखवारे पूर्व भी विवाद हुआ था। तब प्रधान की अगुवाई में गांव के लोगों ने जमीन के किनारे पीलर लगाकर तारबंदी कर दी थी। शनिवार को पहुंची प्रशासनिक टीम ने जब तारों को हटाने का प्रयास किया तो लोग उग्र हो गए। विरोध जताकर महिलाओं ने काम रोक दिया। हंगामा बढ़ने पर नेबुआ नौरंगिया, हनुमानगंज और खड्डा थाने से अतिरिक्त पुलिस बुलाई गई।
मामला बिगड़ता देखकर सीओ संदीप वर्मा व नायब तहसीलदार रवि यादव ने सूझबूझ का परिचय देते हुए लोगों के तार हटाने और पीलर यथावत रहने की शर्त मान ली। बाद में एसडीएम भावना सिंह भी मौके पर पहुंच गईं।
इस संबंध में एसडीएम ने बताया कि कटीले तार से बंदी अवैध है। उसे हटा दिया गया है। पीलर यथावत रहेगा। मंदिर में पूजा-पाठ आदि कार्य चलते रहेंगे। सरकारी कार्य में रुकावट व हंगामा करने वालों को समझाबुझाकर शांत कराया गया है। कानून अपना काम करेगा। गांव में पीएसी बल तैनात की जा रही है।