पडरौना। एआरटीओ दफ्तर के इर्द-गिर्द और कार्यालय के अंदर बिचौलियों की दखल एवं अतिक्रमण को लेकर प्रशासन सोमवार को सख्त दिखा। शासन और डीएम के निर्देश के बाद तहसील प्रशासन ने एआरटीओ कार्यालय के बाहर बने छप्पर और शेड जेसीबी लगाकर हटा दिया।
परिवहन कार्यालय के दफ्तर को बिचौलियों से मुक्त रखने के लिए शासन ने निर्देश जारी किया है। उसके अनुपालन में डीएम ने तहसील प्रशासन को निर्देशित किया था, जिस पर सोमवार को अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। जनपद मुख्यालय पर एआरटीओ दफ्तर के बाहर स्थित छप्पर और शेड को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व सीओ ने जेसीबी लगाकर हटवाया। इस बीच वहां मौजूद लोगों में अफरा तफरी जैसी स्थिति रही। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संजीव रंजन ने बताया कि शासन ने एआरटीओ दफ्तर को बिचौलियों से मुक्त रखने का निर्देश दिया है।