पडरौना। रामनवमी के त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन अलर्ट है। प्रशासन ने जिले में सुपर जोनल मजिस्ट्रेट/जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात करने के अलावा कलक्ट्रेट में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। नामित सभी मजिस्ट्रेट अपने-अपने तैनाती क्षेत्र में भ्रमण कर जिले की हर गतिविधियों पर निगरानी रखेंगे।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि जिले में दो सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, छह जोनल मजिस्ट्रेट और 38 अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त आकस्मिक परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए रिजर्व में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट भी नामित किए गए हैं, जो आवश्यकता पड़ने पर तत्काल तैनात किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सभी मजिस्ट्रेट को अपने क्षेत्र में सतत भ्रमणशील रहकर स्थिति पर निगरानी रखेंगे।
डीएम ने बताया कि संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन एवं उच्चाधिकारियों को दी जाएगी। कलेक्ट्रेट में स्थापित कंट्रोल रूम में 05564-240590 फोन कर अपनी शिकायत दर्ज की जा सकती है। उन्होंने बताया कि नीरज कुमार गौड़, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता और डीपीआरओ आलोक कुमार प्रियदर्शी को कंट्रोल रूप का प्रभारी बनाया गया है, जो अपने कार्यालय के कर्मचारियों के साथ मौजूद रहकर कंट्रोल रूम में मिली सूचनाओं को उच्चाधिकारियों को अवगत कराएंगे।