तमकुहीराज। कस्बा स्थित सीएचसी के डॉक्टरों की बर्खास्तगी और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर विरोध दर्ज करने के बाद मामले में हस्तक्षेप करते हुए डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने मामले की दोबारा जांच के लिए एडीएम न्यायिक प्रेम राय को नामित कर मामले को शांत कराया।
बृहस्पतिवार को एडीएम न्यायिक मामले की जांच करने और ड्यूटी पर तैनात रहे डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों का बयान दर्ज करने सीएचसी तमकुहीराज पहुंचे। इसके पूर्व 17 जून को सुप्रिया के परिजनों व आंदोलनकारियों का बयान दर्ज हो चुका है। नगर पंचायत तमकुहीराज के वार्ड नंबर सात (सरदार पटेल नगर) निवासी सुप्रिया की 22 मई को सामान्य प्रसव के बाद मौत हो गई।
परिजनों ने घटना के तीन दिन बाद सीएचसी की महिला डॉक्टर समेत तीन लोगों पर लापरवाही पूर्वक इलाज का आरोप लगा तहरीर तमकुहीराज पुलिस को सौंप कार्रवाई की मांग की।
इंस्पेक्टर तमकुहीराज ने सीएमओ कुशीनगर को पत्र से मामले की जांच कर आख्या से अवगत कराने की मांग की। सीएमओ ने चार सदस्यों की टीम बना मामले की जांच कराई तो प्रारंभिक तौर पर डॉ. सलोनी जायसवाल व स्टॉप नर्स ममता चौहान की चूक सामने आई। इसके बाद सीएमओ ने इन दोनों स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा।