पडरौना। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय कुशीनगर में आब्स एंड गायनी विभाग में तैनात सहायक आचार्य डॉ. रूचिका सिंह पर विभागीय कार्यों को छोड़कर व्यक्तिगत आर्थिक लाभ के लिए निजी प्रैक्टिस करने के मामले में कार्रवाई के लिए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा को निर्देश दिए हैं।
इसका पोस्ट भी उन्होंने अपनी फेसबुक आईडी पर किया है। जिला प्रशासन की ओर से कराई गई गोपनीय जांच में सहायक आचार्य का निजी प्रैक्टिस करने का मामला पकड़ा गया था। मेडिकल कॉलेज में डॉ. रूचिका सिंह सहायक आचार्य पद पर आब्स एंड गायनी विभाग में तैनात थीं। पडरौना शहर के रामकोला रोड पर निजी प्रैक्टिस भी करती थीं।
ड्यूटी के दौरान मेडिकल कॉलेज के बजाए वह निजी अस्पताल पर प्रैक्टिस करती हुई मिलीं। इसका वीडियो किसी ने बना लिया और डीएम से शिकायत की थी। इसकी रिपोर्टर शासन को भेजी गई थी।
इसका संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कार्रवाई के लिए प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा को निर्देश दिया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरके शाही ने बताया कि जांच के दौरान डॉक्टर ने इस्तीफा देने के लिए लेटर दिया था।