सीताराम चौराहा। हाईकोर्ट के आदेश पर रविवार को बरवाराजापाकड़ स्थित सीताराम चौराहा पर प्रशासन ने जेसीबी चलवाकर विवादित भूमि की पैमाइश सहित मेड़बंदी कराई। इस दौरान पुलिस बल तैनात रहा।
ग्राम पंचायत के गाटा संख्या 1691 और 1696 लंबे समय से विवाद का केंद्र बना था। एसडीएम कोर्ट के निर्णय के अनुपालन के लिए वादी आनंद ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट ने 18 दिसंबर 2025 को आदेश जारी कर प्रशासन को अनुपालन के निर्देश दिए थे।
इससे पहले पांच अप्रैल को भी राजस्व टीम ने कार्रवाई की थी, परंतु वादी के असंतोष जताने के बाद एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने तहसीलदार महेश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर रिपोर्ट मांगी थी। पैमाइश व मेड़बंदी के दौरान कोई वारदात न हो इसके लिए अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के निर्देश पर भारी फोर्स तैनात रही।
मौके पर तुर्कपट्टी एसओ आलोक कुमार, प्रभारी निरीक्षक कुबेरस्थान हर्षवर्धन सिंह और महिला निरीक्षक सुमन सिंह समेत 18 एसआई और 80 से अधिक आरक्षी माैजूद रहे। कार्रवाई के दौरान वादी ने कब्जा दिलवाए जाने की मांग को लेकर दबाव बनाया, वहीं दूसरे पक्ष ने इस कार्रवाई को एक पक्षीय बताकर विरोध दर्ज कराया। संवाद