फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: युवती पर एसिड अटैक का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

Wed, 26 Mar 2025 01:35 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
पडरौना। शादी से इन्कार पर घर में घुसकर युवती पर एसिड फेंकने के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। तीन अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। वहीं, घायल युवती का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है, हालांकि डॉक्टरों ने अभी छुट्टी नहीं दी है।
विज्ञापन

विशुनपुरा थानाक्षेत्र के दुदही नगर पंचायत क्षेत्र की रहने वाली युवती की मोहल्ले के ही रहने वाले दूसरी बिरादरी के युवक चंदन से नजदीकियां थीं। बताया जा रहा है कि युवती के परिजन उसका रिश्ता कहीं और तय कर रहे थे, बातचीत भी फाइनल हो गई थी। इसकी जानकारी होने पर चंदन शादी के लिए युवती पर दबाव बनाने लगा। युवती ने इन्कार करते हुए उसका दिया मोबाइल वापस कर दिया था। परिजनों का आरोप है कि युवती सोमवार की रात रसोई में काम कर रही थी, इसी बीच चंदन छत के रास्ते घर में घुस गया और युवती पर एसिड फेंककर फरार हो गया।
झुलसी युवती को परिजन दुदही सीएचसी ले गए, हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने युवती के भाई की तहरीर पर चंदन, बुलेट गुप्ता, नीरज गुप्ता और मनीष गुप्ता पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि चंदन के युवती से संबंधों के कारण कई बार विवाद हुआ था इसके कारण चंदन के परिजन घर छोड़कर कहीं और रहने लगे थे।
विज्ञापन


आरोपी के दाहिने पैर में लगी गोली
एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी चंदन बैकुंठपुर कोठी के जंगलों में छिपा है। एसओजी टीम के प्रभारी आशुतोष सिंह और विशुनपुरा थानाध्यक्ष राजू सिंह ने टीम के साथ जंगल में तलाश शुरू की। एसपी के मुताबिक इसी दौरान चंदन ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने सीएचसी में उसका इलाज कराया। उसके पास से एक तमंचा व कारतूस बरामद की गई है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें