कार पर लगा था एक राजनीतिक दल का झंडा, लोगों ने तीन को पकड़ा
अमर उजाला ब्यूूरो
तमकुहीराज (कुशीनगर)। अवैध रूप से हरियाणा निर्मित शराब बिहार ले जाई जा रही कार तरयासुजान थाना क्षेत्र के बनवरिया गांव के सामने अनियंत्रित होकर एक घर में घुस गई। इस हादसे में कार की चपेट में आए एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने हाईवे जाम कर दिया और कार सवार तीन लोगों को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया और कार व उसमें रखी 30 पेटी शराब बरामद की। पकड़े गए तीनों आरोपियों पर केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
बनवरिया गांव निवासी शिवपूजन यादव (50) फोरलेन के किनारे स्थित दरवाजे के सामने सोए थे। रविवार रात में करीब दो बजे गोरखपुर की ओर से आ रही एक अनियंत्रित कार शिवपूजन को चपेट में लेकर घर में घुस गई। इस घटना में शिवपूजन की मौके पर ही मौत हो गई। इस गाड़ी में हरियाणा निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब लदी थी। हादसे के बाद चीख पुकार सुनकर गांव के तमाम लोग पहुंच गए। तब तक पीछे से एक अन्य गाड़ी भी पहुंची। गांव वालों ने दोनों गाड़ियों में बैठे चार में से तीन लोगों को पकड़ लिया। जिस गाड़ी से हादसा हुआ उस पर राजनीतिक दल का झंडा लगा था। सूचना पर तमकुहीराज चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और दोनों गाड़ियों समेत आरोपियों को ले जाने लगे। इससे आक्रोशित गांव वालों ने सोमवार सुबह करीब चार बजे शिवपूजन का शव सड़क पर रखकर हाइवे जाम कर दिया। गांव वालों के रूप को देखते हुए सेवरही, पटहेरवा समेत कई थानों की पुलिस फोर्स बुुला ली गई। काफी समझाने बुझाने पर लगभग एक घंटे बाद लोग सड़क से हटे। पुलिस ने इस गाड़ी से 30 पेटियों में रखी1450 शीशी हरियाणा निर्मित शराब बरामद की।
चौकी प्रभारी तमकुहीराज शमसेर यादव ने बताया कि पकड़े गए राहुल यादव निवासी मेहबरदहां थाना कुचायकोट जिला गोपालगंज (बिहार) और बृजनारायण राय व बबलू राय निवासी मेहदियां थाना तरयासुजान के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। तीनों को जेल भेज दिया गया है।