बोलेरो व कार में टक्कर, कई बराती चोटिल
कार में दूल्हा-दुल्हन, बोलेरो में बैठे थे बराती
अमर उजाला ब्यूरो
समउर बाजार। थाना क्षेत्र के गांव नरायनपुर रामसहाय के पास पटहेरवा-समउर मार्ग पर शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे घने कोहरे में बरातियों से भरी बेलोरो व कार में आमने-सामने टक्कर हो गई। 10 बरातियों की हल्की-फुल्की चोटें आईं। पीछे से आ रही दूसरी गाड़ी से सभी बराती चले गए।
नेबुआ नौरंगिया से एक बरात बिहार प्रांत के गोपालगंज जिले के थाना कटेया के गांव बहेरवा गई थी। बराती सुबह बोलेरो से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बिहार प्रांत के ही मोतीपुर गांव से दूल्हा-दुल्हन भी कार से विदाई कराकर लौट रहे थे। दोनो वाहन नरायनपुर गांव के मोड़ के पास घने कोहरे के कारण आपस मे सीधे टकरा गए। इसके कारण बेलोरो में बैठे रामकिशुन भगत (56), आशीष कुमार (26), नरेश प्रसाद (42), कुमारी सुमन(10), शिवांगी (08), आरती (12), सुरेश कुशवाहा (28) तथा कार चालक महेश शर्मा (30) आदि घायल हो गए। बोलोरो के पीछे बरातियों की कई अन्य गाड़ियां भी आ रही थीं। चोटिल बरातियों को वे लोग अपने साथ लेकर चले गए।
दुर्घटना के कारण दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी थीं। कार सवार दुल्हन व दूल्हा को चोट नहीं लगी है। उनके परिजन दूसरी गाड़ी से लेकर घर चले गये। सूचना पर पहुंची पटहेरवा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों गाड़ियों को अपने कब्जे में ले लिया है।