पडरौना। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर राज्य कर्मचारी घोषित करने सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताआें और सहायिकाओं का धरना प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा। सीडीपीओ पडरौना के कार्यालय से जनपद मुख्यालय तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने पद यात्रा की तथा सरकार के विरुद्ध नारे लगाए। इसी तरह जनपद के अन्य ब्लॉकों में विरोध प्रदर्शन हुआ।
आंगनबाड़ी महिला कर्मचारी संघ से जुड़ी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताआें और सहायिकाओं ने शुक्रवार को भी पडरौना के सीडीपीओ कार्यालय पर एकत्र होकर धरना दिया। दोपहर में कड़ी धूप की परवाह किए बिना कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने नारेबाजी की तथा पैदल ही जनपद मुख्यालय के लिए प्रस्थान कर गईं। इन लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को ज्ञापन सौंपा।
कप्तानगंज प्रतिनिधि के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ की अध्यक्ष गिरीश पांडेय के निर्देशानुसार ब्लॉक अध्यक्ष रजिया आगा के साथ काफी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं कप्तानगंज में सीडीपीओ कार्यालय पर एकत्र हुईं, जहां धरना दिया। इनकी मांग थी कि राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए, उनके समकक्ष मानदेय दिया जाए, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाआें को आईसीडीएस के अन्य कोई कार्य न दिया जाए, मुख्य सेविकाओं के रिक्त पदों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जाए, प्राथमिक विद्यालयों की नौकरियों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को योग्यता के आधार पर वरीयता देने सहित कई मांगें इनके ज्ञापन में थीं। तहसीलदार बीएन सिंह ने इनका ज्ञापन लिया और उसे मुख्यमंत्री तक भेजवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान तारा देवी, अंजना देवी, मनोरमा तिवारी, कृष्णा पांडेय, किरन सिंह, निर्मला सिंह, मीरा देवी, सरोजलता, प्रतिभा मल्ल, उषा यादव, रीना देवी, कनकलता शर्मा, शशिकला, अनीता, पूनम सहित कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं मौजूद थीं। अन्य ब्लॉकों में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने धरना प्रदर्शन किया।