राहुल की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।स्रोत-सोशल मीडिया
कप्तानगंज (कुशीनगर)। थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में बुधवार की रात घर में सो रहे राहुल उर्फ काजू की पड़ोसियों ने चाकू से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। विवाद की वजह युवक द्वारा रिश्ता तोड़ने का विरोध करना बताया जा रहा है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार युवकों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। तीन आरोपियों को हिरासत मे लेकर पूछताछ कर रही है। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव निवासी राहुल उर्फ काजू (28) की शादी का रिश्ता तय था। अचानक रिश्ता टूट गया। पता चला कि पड़ोसी सुमंत व तीन अन्य युवकों ने रिश्ता तोड़ा है। बुधवार को दिन में राहुल और आरोपी चारों युवकों से इसी बात को लेकर कहासुनी हुई। लोगों ने समझाकर मामला शांत करा दिया। बुधवार की रात को भोजन करने के बाद राहुल अकेले अपने घर में सो रहा था। भाई और पिता दूसरे कमरे में सो रहे थे। रात करीब नौ बजे सुमंत अपने तीनों साथियों के साथ राहुल के घर में घुस गया और उसके शरीर पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर घायल कर दिया।
शोर सुनकर राहुल के पिता और भाइयों ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। परिजन राहुल को रात में ही बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को सुबह करीब आठ बजे उसकी मौत हो गई। वहीं घटना के बाद रात को पहुंची पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस इस मामले में राहुल के पिता खुशाल की तहरीर पर सुमंत समेत चार लोगों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।