खड्डा। हनुमानगंज थाना क्षेत्र में चाय की दुकान पर दो पक्षों में हुए विवाद में एक युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया गया। दूसरे पक्ष का युवक भी घायल हुआ है। घायलों को तुर्कहा सीएचसी में भर्ती कराया गया है जहां से एक युवक को रेफर किया गया है। पुलिस मौके पर मौजूद है।
हनुमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मलहिया निवासी रंजीत गौड़ 25 शनिवार की शाम बुलेट से बगल के गांव रामपुर जंगल में एक चाय की दुकान पर पहुंचा था। इसी बीच रामपुर जंगल गांव निवासी शिवानन्द उर्फ शनी पहुंच गया। रंजीत का चाल चलन ठीक नहीं होने की बात को लेकर दोनों में कहासुनी होने लगी जो गाली गलौज में बदल गया। देखते ही देखते दोनों में मारपीट होने लगी आरोप है कि शिवानन्द ने चाकू से कइ जगह हमला कर दिया।शिवानंद को भी चोट लगी। सूचना पर डायल 112 व हनुमानगंज पुलिस ने आकर एम्बुलेंस से रंजीत को तुर्कहा सीएचसी भेजवाया। यहां रंजीत का प्राथमिक इलाज डाक्टर सुशील कुमार ने किया और आगे इलाज हेतु जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। शिवानन्द का भी इलाज किया गया।
ग्रामीणों कॆ अनुसार रंजीत अक्सर गांव में बाइक से चक्कर लगाता रहता है। घायल रंजीत के पिता सुबास गौड़ ने बताया कि हमको कुछ समझ में नहीं आ रहा है कि क्यों चाकू मारा गया है। हमला करने वाले लोगों से हमारे अच्छे संबंध हैं। इस संबंध में हनुमानगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार का कहना है कि पुलिस गई है अभी कुछ भी साफ साफ नहीं बता सकता हूं। डाक्टर की रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।