तमकुहीराज। स्थानीय थाना क्षेत्र के पथरवा गांव की एक किशोरी के परिजनों ने प्रेम-प्रसंग के संदेह में एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। युवक को गांव के मदरसा स्थित सड़क के समीप फेंक कर भाग निकले। सड़क
किनारे देख लोगों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन युवक को मेडिकल कॉलेज रविंद्र नगर लेकर पहुंचे जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, तमकुहीराज थाना क्षेत्र के पथरवा गांव निवासी फैयाज उर्फ तितली (21) पुत्र सत्तार अली का गांव के ही एक परिवार से करीबी संबंध थे। इस कारण फैयाज का उस परिवार में आना-जाना था। इसी दौरान परिवार के लोगों को पता चला कि युवक का उस परिवार की बेटी से प्रेम संबंध है। इसके बाद आरोपी बदले की आग में जलने लगा। संदेह के आधार पर बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे आरोपी ने फैयाज उर्फ तितली को बुलाकर अपने घर ले गया।
वहां परिवार के लोगों ने धारदार हथियार से युवक के सिर, गर्दन, पेट व कमर पर कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद गांव के मदरसा के समीप सड़क के किनारे फेंक दिया। देर रात करीब 12 बजे युवक को गंभीर रूप से घायल देख लोगों ने परिजनों को सूचना दी।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने युवक को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज रविंद्र नगर लेकर गए। वहां इलाज के दौरान शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे युवक ने दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
इंस्पेक्टर तमकुहीराज सुशील शुक्ला ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।