हाटा। नगर के कप्तानगंज चौराहे के पास सोमवार की देर शाम अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार युवक घायल हो गया। गंभीर हालत में हाटा सीएचसी से उसे गोरखपुर रेफर कर दिया गया। गोरखपुर जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
हाटा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर नौ रामपुर मिश्री मुहल्ले के रहने वाले 23 वर्षीय ब्रजेश बाइक से हाटा आया था। वह बाघनाथ चौराहे से कप्तानगंज चौराहे के तरफ जा रहा था इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन चालक ने उसकी बाइक में ठोकर मार कर फरार हो गया। इस घटना में ब्रजेश घायल हो गया। लोगों ने हाटा अस्पताल पर पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर रेफर कर दिया।
परिजन उसे लेकर गोरखपुर जा रहे थे। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। ब्रजेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।