खड्डा। पनियहवा रेल पुल पर बिहार जा रही मालगाड़ी से कटकर एक युवक की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर आई पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लिया। मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है।
गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड के पनियहवा रेलवे स्टेशन से आगे गंडक नदी के उपर बने पुल पर शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे एक युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया और ट्रेन में फंसकर कुछ दूर तक घसीटते हुए चला गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत के बाद मौजूद लोगों में यह चर्चा होने लगी कि पुल पर दो युवक रील बना रहे थे, उनमें से एक ने ट्रेन आते देख किसी तरह भागकर जान बचाई, जबकि एक चपेट में आ गया और पहिए से कटकर उसकी मौत हो गई। सूचना पर मौके पर आई खडडा थाना क्षेत्र के सालिकपुर चौकी की पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक के पास एक पर्स मिला है। उसमें कुछ रुपये होने की बात कही जा रही है। लेकिन उसके पास से कोई ऐसी वस्तु नहीं मिली है,जिससे उसकी पहचान हो सके। वहीं, पुल के पास कोई बाइक व युवक नहीं दिखाई दिया। पुलिस शव के शिनाख्त में जुटी हुई है। मृतक युवक की शिनाख्त के बाद ही युवक के पुल पर पहुंचने की वजह का पता चल पाएगा। इस संबंध में सालिकपुर पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई अजय कुमार यादव ने कहा कि पुल पर ट्रेन से कटकर एक युवक का शव बरामद किया गया है। जिसकी पहचान नहीं हो पाई है।