पटहेरवा। थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की रात युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। युवक एक युवती से बात करता था। शादी से इंकार करने पर नाराज हो गया। मौत की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। बाद में पुलिस ने उस युवती को बुलाकर पूछताछ की।
युवती ने बताया कि युवक से उसकी बात होती थी। वह शादी के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन युवती उससे शादी नहीं करना चाहती थी। मंगलवार रात को भी मोबाइल पर बातचीत के दौरान शादी से मना कर दिया। पटहेरवा क्षेत्र का एक व्यक्ति मुंबई में रहकर टेंपो चलाता है। घर पर पत्नी, दो बेटी और इकलौता बेटा आसिफ (23) रहता था। आसिफ बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। कुछ दिन पहले अपने पिता के पास मुंबई गया था।
चार दिन पूर्व घर आया था। पुलिस के अनुसार आसिफ का गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग था। दोनों के बीच बातें होती थी। युवक अपने परिजनों से युवती के साथ शादी करने की बात भी कहा था। परिजन तैयार थे, लेकिन युवती ने युवक के साथ शादी करने से मना कर दिया। मंगलवार की देर रात तक युवती और युवक के बीच बात हुई। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि युवती ने शादी करने से मना कर दिया।
इसके बाद युवक ने खुदकुशी कर ली। सुबह देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों की मदद से परिजनों ने दरवाजा तोड़वाया तो उसका फंदे से लटकता हुआ शव देख दंग रह गए। आसिफ की बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि युवक का फंदे से लटकता हुआ कमरे से शव मिला है। युवक का एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। वह शादी करने से मना कर दी तो खुदकुशी कर लिया। अभी तक की जांच में यह बात सामने आई है।