कप्तानगंज (कुशीनगर)। वार्ड नंबर 12, आर्य समाज मंदिर मंगल बाजार निवासी एक महिला शुक्रवार को जब 15 हजार रुपये निकालने कप्तानगंज स्थित पूर्वाचल ग्रामीण बैंक की शाखा पहुंची तो खाते में जमा रकम के बारे में सुनते ही स्तब्ध रह गई। कैशियर ने जब उसे बताया कि उसके खाते में 2.59 करोड़ रुपये हैं तो उसे विश्वास ही नहीं हुआ। फिर उसने अपने पति से बात की और जब उसने भी इतनी बड़ी रकम के बारे में अनभिज्ञता जताई तो बैंक मैनेजर ने खाता सीज कर दिया। शनिवार को महिला ने थाने में तहरीर देकर उचित कार्रवाई की बात कही। प्रारंभिक जांच में रकम के पुडुचेरी और तमिलनाडु से भेजे जाने का पता चला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कप्तानगंज नगर के वार्ड नंबर 12, आर्य समाज मंदिर मंगल बाजार निवासी राजेंद्र अग्रहरि की बेटी रेखी की शादी महराजगंज जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा खजुरी निवासी भोलेनाथ अग्रहरि से हुई है। भोलेनाथ मुंबई में टाइल्स का काम करते हैं। रेखा इन दिनों कप्तानगंज अपने मायके में रह रही हैं। भोलेनाथ ने रेखा के पूर्वाचल ग्रामीण बैंक की कप्तानगंज शाखा के खाते में बीते दिनों 15 हजार रुपये भेजे थे। 7 जनवरी को रेखा पास के ग्राहक सेवा केंद्र में रुपये निकालने पहुंची तो पता चला कि खाते में रकम शून्य है। इस पर रेखा शुक्रवार को बैंक से पैसा निकालने पहुंची।
उसने 15 हजार रुपये का विड्राल फार्म भरकर बैंक कर्मी को दिया। बैंक कर्मी ने जब खाता चेक किया तो वह चौंक गया। खाते में 2 करोड़ 59 लाख 50 हजार रुपये थे। उसने रेखा को यह बात बताई तो वह भी चौंक गई। उसने पति से इस बारे में बात की तो उसने बताया कि उसने तो सिर्फ 15 हजार रुपये ही भेजे हैं। इस पर बैंक कर्मी ने प्रभारी शाखा प्रबंधक को यह बात बताई। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने खाते को सीज कर दिया।
रेखा ने शनिवार को कप्तानगंज थाने पहुंचकर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह रकम पुडुचेरी और तमिलनाडु से ट्रांसफर हुई है। एसओ दीपक सिंह ने बताया कि बैंक खाता लेन-देन के स्रोत और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इतनी बड़ी रकम खाते में कैसे आई। सोमवार को बैंक खुलने के बाद सही जानकारी हासिल हो पाएगी । बैंक मैनेजर शिवम पांडेय ने बताया कि रेखा अग्रहरि का खाता सीज कर दिया गया है। सोमवार को बैंक खुलने के बाद पूरी जानकारी हो सकेगी।