ट्रक की चपेट में आई बाइक सवार महिला की मौत
- सेवरही डाक बंगला के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीरोड। सेवरही कस्बे के तमकुहीराज मार्ग स्थित डाक बंगला के पास सोमवार को एक ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जब तक मौजूद लोग घायल महिला की मदद के लिए पहुंचे, तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे नाराज लोग ट्रक चालक को पकड़ने के लिए दौड़े, तो चालक ट्रक लेकर भाग गया। मौके पर पहुंची सेवरही पुलिस ने ट्रक और शव को कब्जे में ले लिया।
तमकुहीरोड-तमकुहीराज मार्ग पर सेवरही डाक बंगला के पास सोमवार को दिन के करीब तीन बजे बिहार गोपालगंज जिले के थाना कटेया के ग्राम सभा सबयाकुटी गौरा बाजार निवासी रंजन ठाकुर बाइक से मां लालमती देवी (58) को लेकर तमकुहीरोड जा रहे थे। महिला कस्बे के एक अस्पताल में भर्ती अपनी बेटी को देखकर वापस घर जा रही थी। अभी वह सेवरही डाक बंगला के पास पहुंची ही थी कि पीछे से आ रहे बगास लदे ट्रक ने रंजन की बाइक को ठोकर मार दिया। इससे बाइक पर बैठी लालमती देवी सड़क पर गिर गईं और पीछे से आ रहा ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। बाइक चला रहा रंजन भी सड़क किनारे गिरकर घायल हो गया। मौजूद लोग जब तक सड़क पर गिरकर घायल हुई महिला की सहायता के लिए पहुंचते, उससे पहले ही महिला की मौत हो गई। इकट्ठा हुए लोग ट्रक चालक को पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन ट्रक चालक सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर भाग गया। सूचना पर पहुंचे सेवरही एसओ आशुतोष कुमार सिंह ने ट्रक को थाना भिजवाया और महिला के शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गए। एसओ सेवरही आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।