उल्लेखनीय कार्य करने वाली 31 महिलाएं हुईं सम्मानित
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें एसपी और उनकी पत्नी ने उल्लेखनीय कार्य करने वाली कुल 31 महिलाओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत एसपी यमुना प्रसाद और उनकी पत्नी अंविता प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन से किया। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों से आई छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। एसपी ने अपने संबोधन में कहा कि हमें समाज के साथ-साथ परिवार में भी महिलाओं व पुरुषों के बीच के भेदभाव को मिटाना होगा। ताकि वे कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और साहस का परिचय देते हुए अपने दायित्वों का निवर्हन कर सकें। इस कार्यक्रम में एसपी और उनकी पत्नी ने प्रभारी निरीक्षक महिला थाना सहित 11 महिला आरक्षी, दो महिला होमगार्ड व 13 अन्य महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र व शाल देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान सीओ सदर नितेश प्रताप सिंह, प्रतिसार निरीक्षक महिपाल सिंह, पीआरओ गोपाल पांडेय, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना विभा पांडेय सहित अन्य संस्थाओं से आयीं महिलाएं, छात्राएं व अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।