ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव में ससुर व बहू ने किया नामांकन
- फोटो : अमर उजाला
ढाढ़ा (कुशीनगर)। अविश्वास प्रस्ताव के चलते रिक्त हुए सुकरौली ब्लाॅक प्रमुख पद के लिए बुधवार को ब्लाॅक सभागार में नामांकन दाखिल हुआ। सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक चली नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल दो लोगों ने पर्चा भरा। दोनों नामांकन एक ही परिवार के लोगों ने किया है। बृहस्पतिवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी। शुक्रवार को मतदान व मतगणना होनी है। एक ही परिवार से नामांकन होने की वजह से यहां का चुनाव निर्विरोध होने की उम्मीद है।
सुकरौली ब्लाॅक प्रमुख सचिंद्र यादव के खिलाफ करीब छह माह पहले अविश्वास प्रस्ताव पास होने के कारण पद रिक्त है। बुधवार को इस रिक्त पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह 11 बजे से नामांकन पत्र दाखिल किया जाना था। दोपहर लगभग सवा बारह बजे इंद्रमणि सिंह अपने प्रस्तावक अनिल कुमार सिंह और गौतम सिंह के साथ आरओ डीपी वर्मा के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे। इसके आधे घंटे के बाद इंद्रमणि सिंह की बहू संगीता देवी ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के लिए निर्धारित समय तीन बजे तक कोई अन्य नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ। पौने तीन बजे तहसीलदार हाटा संजय राय ने ब्लाॅक कार्यालय पर पहुंचकर शांति व्यवस्था का जायजा लिया।
बृहस्पतिवार की सुबह नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर बाद नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। इस दौरान सीओ कसया ओमपाल सिंह, चौकी इंचार्ज अरविंद कुमार, गिरिजेश कुमार , जेपी यादव, विनय कुमार आदि मौजूद थे।