पकवाइनार। एनएच-28 पर पकवाइनार चौराहे के सामने सोमवार को टायर फटने से अनियंत्रित कार पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।
किशुनपुरा राजा खास, थाना चौरा खास निवासी ललन प्रजापति परिवार के साथ गोरखपुर में सगाई समारोह में शामिल होकर कार से घर लौट रहे थे। पकवाइनार चौराहे के पास पहुंचते ही थे कि कार का टायर अचानक फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क पर लहराने लगी। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक चालक ने कार को बचाने के लिए ब्रेक लगाया। काफी दूर तक ब्रेक लगाने के बावजूद ट्रक कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि कार सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। हादसे की सूचना पर कुशीनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे कराकर यातायात सुचारू कराया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से चला गया। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। संवाद