संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में पनियहवा-पडरौना मार्ग स्थित पिपरा बाजार के पास रविवार सुबह मौनी अमावस्या पर नारायणी नदी से स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो चालक को झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
इस हादसे में टेंपो में सवार 12 श्रद्धालु जख्मी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से वाहन के नीचे दबे लोगों को बाहर निकलवाया और एंबुलेंस व निजी वाहनों से मेडिकल कॉलेज कुशीनगर पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद 11 घायलों को घर भेज दिया गया, जबकि एक की हालत गंभीर देखकर उसे मेडिकल काॅलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कसया थाना क्षेत्र के इनरहा मदनपुर गांव निवासी गिरीश तिवारी (68), उनकी पत्नी विद्या देवी (60), पुत्र विट्टू तिवारी (38), ऋतिक तिवारी (12), गिरिजा देवी (55) व रविंद्रनगर थाना क्षेत्र के भिस्वा सरकारी गांव के मोती छापर टोला निवासी रमेश राय (50), सुनील झा (58) उनकी पत्नी किरन झा (50), पांच वर्षीय पोती प्राची झा, रेनू झा (55), रुना झा (50), विद्यावती देवी (50) पनियहवा के नारायणी नदी में स्नान कर टेंपो से घर लौट रहे थे। सुबह के करीब 10:00 बजे पिपरा बाजार के पास चालक को झपकी आने से टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गई। वाहन के नीचे दबे लोग चीखने-चिल्लाने लगे। आसपास के लोग पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गिरीश तिवारी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल काॅलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।