नेबुआ नौरंगिया। तैयारी में जुटे एक छात्र और रोजगार के सिलसिले में विदेश गए युवक को नेबुआ नौरंगिया पुलिस द्वारा एक जमीन के विवाद में आरोपी बनाए जाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। आरोप है कि नेबुआ नौरंगिया थाने की पुलिस ने बिना पर्याप्त जांच के दो निर्दोष युवकों का नाम एफआईआर में दर्ज कर लिया। लक्ष्मीपुर गांव निवासी रामप्यारे ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया है कि उनका 25 वर्षीय पुत्र अनिल उस दिन नौरंगिया स्थित एक लाइब्रेरी में नियमित पढ़ाई कर रहा था, जबकि 20 वर्षीय कृष्ण कुमार पिछले तीन महीने से ओमान के मस्कट शहर में कार्यरत है।
इसके बावजूद पुलिस ने दोनों को जमीन के विवाद के एक मामले में अभियुक्त बना दिया। रामप्यारे ने बताया कि उनका ओमप्रकाश पुत्र जगरनाथ से जमीन का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। 24 मई को ओमप्रकाश की शिकायत पर पुलिस ने उन्हें, रामधनी और लक्ष्मण प्रसाद को थाने बुलाया, जहां उनके साथ कथित दुर्व्यवहार कर धारा 170, 126 और 135 बीएनएसएस के तहत चालान कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने जांच का आश्वासन दिया है।