गुरवलिया बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के सोंदिया बुजुर्ग टोला दुरुखिया में रविवार देर रात बिजली तारों में शॉर्ट सर्किट से रामबृक्ष प्रसाद के घर में आग लग गई। नकदी, आभूषण व सामान जल गया। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
गांव निवासी रामबृक्ष प्रसाद परिवार का भरण पोषण व पुत्री की शादी के लिए प्राइवेट कंपनी गुजरात में नौकरी करते हैं। रविवार की रात उनकी पत्नी मंजू देवी छत पर किचन में खाना बना रही थी और नीचे कमरे में शाॅर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। जब प्लास्टिक जलने की गंध और धुआं दिखा तो छत से नीचे उतरीं। कमरे में रखा सामान जल रहा था। आग लगने से घर में रखे तीस हजार नकद, मंगल सूत्र, बाली, झुमका अदद दो, पायल अदद दो व पुत्री के शादी के लिए बाक्स में रखा लाखों का सामान नष्ट हो गया। संवाद