तरयासुजान। स्थानीय थाना क्षेत्र के अहिरौलीदान गांव के पास बाइक सवार दुकानदार को अज्ञात वाहन ने सोमवार की रात ठोकर मार दिया। गंभीर रूप से घायल दुकानदार को लेकर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रास्ते में दुकानदार की मौत हो गई। इसकी खबर मिलते ही घर वालों में चीख पुकार मच गई।
अहिरौलीदान गांव निवासी कृष्ण सिंह (40) गांव में किराना की दुकान चलाते थे, सोमवार की रात गांव में ही किसी के घर दावत था। दुकान बंद कर रात करीब नौ बजे वह दावत में बाइक से अकेले जा रहे थे, गांव के सामने ही अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक में ठोकर मार दिया और कुचलते हुए निकल गया। इसकी जानकारी होने पर गांव के लोग रात को ही गोरखपुर मेडिकल कॉलेज लेकर इलाज के लिए गाड़ी से जा रहे थे, परिजनों ने बताया कि अभी गोरखपुर के कुसम्ही जंगल के समीप अभी पहुंचे थे कि दुकानदार ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर लौट आए और पुलिस को सूचना दिए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में दुकानदार की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।