कसया। नगर के रामकोला मार्ग पर पिपरहिया के सामने सोमवार रात तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने तत्काल उन्हें कसया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
परिजन नगर के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार करा रहे हैं। जानकारी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट कुशीनगर की सुरक्षा में तैनात सिपाही लक्ष्मण यादव ड्यूटी के बाद अपने रूम पर जा रहे थे। इसी दौरान रामकोला-कसया मार्ग पर सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। इस संबंध में एसआई गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है मामले की जांच की जा रही है।