उजारनाथ। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के तिरमा साहुन बेलवा गांव में बंदर के आतंक रविवार की सुबह समाप्त हो गया। वन विभाग की टीम ने शिकारियों की मदद से उत्पाती बंदर को पकड़ लिया। इसके बाद टीम बंदर को टेंपो में लेकर चली गई।
पिछले एक सप्ताह से बंदर का आतंक बना हुआ था। बंदर ने करीब 20 लोगों को काटकर घायल कर दिया था। दिन के साथ रात में भी लोगों पर हमला करने से ग्रामीण दहशत में थे। राहगीरों और बाइक सवारों को भी बंदर निशाना बना रहा था। कई बार अचानक हमला करने से लोग गिरकर चोटिल हो जा रहे थे।
बंदर के आतंक से परेशान ग्रामीणों ने वन विभाग से उसे पकड़ने की मांग की थी। रविवार वन विभाग की टीम उदय प्रताप राव और छोटेलाल ने शिकारी को लेकर गए और ग्रामीणों के सहयोग से बंदर को पकड़ कर जंगल में छोड़ने के लिए लेकर चले गए। उत्पाती बंदर पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इस संबंध में वन दरोगा धीरेंद्र दीक्षित ने बताया कि उत्पाती बंदर को पकड़ लिया गया है। उसे मदनपुर जंगल में छोड़ने के लिए ले जाया जा रहा है।