उजारनाथ चौराहे पर अलाव सेंकते लोग। संवाद
पडरौना। कड़ाके की सर्दी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। सोमवार सुबह से ही कोहरे की चादर छाई रही, जिसके कारण दृश्यता लगभग शून्य रही और वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। हालांकि दोपहर बाद कोहरे से राहत मिली पर बदरी छाए रहने से ठंड का असर बना रहा और लोग ठिठुरते रहे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 2.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 15.5 तो न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे से ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ, जिससे स्टेशनों पर ट्रेन का इंतजार करने वालों को ठंड में परेशानी झेलनी पड़ी।
सोमवार की सुबह जब लोगों की नींद खुली तो हर तरफ कोहरे की चादर फैली थी, जो दिन चढ़ने के साथ हल्का तो हुआ पर धुंध छाई रही। इसके असर से सूरज दिनभर बादलों की ओट से बाहर नहीं निकला। ठंडी हवा से पारा और लुढ़क गया, जो शाम होते-होते और बढ़ गया और लोग ठिठुरते नजर आए। शाम होते ही लोग घरों में कैद हो गए। ठंड के कारण दिन में बाजारों में भी लगभग सन्नाटा पसरा रहा, जरूरत पर ही लोग घर से निकले। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते दिखे।