टोपी-जैकेट पहनाकर बच्चों को लेकर जाती महिला।संवाद
पडरौना। बीते करीब एक सप्ताह से पड़ रही भीषण ठंड के चलते शासन के निर्देश पर 12वीं तक के स्कूलों को एक जनवरी तक बंद कर दिया गया है। इस फैसले से बच्चों के साथ ही उनकी माताएं भी खुश हैं। उनका कहना है कि भीषण शीतलहर में बच्चों को स्कूल भेजने में उनकी सेहत खराब होने की चिंता रहती थी। इसके अलावा सुबह ही उठकर बच्चों के लिए नाश्ता-टिफिन बनाना पड़ता था पर अब फिलहाल कुछ दिन इससे राहत मिल गई है।
उधर, स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों ने घर में धमाचौकड़ी मचा दी है। कई जगह तो बच्चे ठंड के बावजूद पार्क में खेलने निकल गए। रविवार की देर शाम बीएसए डॉ. रामजियावन मौर्या ने कक्षा आठवीं तक सभी बोर्ड के विद्यालयों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया।
सोमवार की दोपहर जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार गुप्ता ने भी जिले संचालित सभी बोर्ड के 12वीं तक संचालित माध्यमिक विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया। विद्यालयों में छुट्टियों की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शीतलहर में स्कूल जाने वाले बच्चों के अभिभावकों ने राहत की सांस ली।
स्कूलों की ओर से छुट्टी वाले मैसेज मिले तो बच्चे भी चहक उठे। महिलाओं ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक अब सुबह उठने से राहत तो मिलेगी। माताओं का कहना है कि बच्चे घर में रहेंगे उछल-कूद करेंगे लेकिन उनकी सेहत के लिए इस मौसम में छुट्टी जरूरी थी।