नेबुआ नौरंगिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के नौगांवा गांव में अलाव से निकली चिन्गारी से झोपड़ी में आग लगने से उसमें सो रहे एक बुजुर्ग की मौत हो गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुजुर्ग की मौत के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार नौगावां निवासी फेकू प्रसाद (75) शुक्रवार की रात गांव के बाहर मवेशियों के रहने के लिए बनाई झोपड़ी में चारपाई के पास अलाव जलाकर सो गए। रात करीब एक बजे अलाव से निकली चिन्गारी ने झोपड़ी में आग पकड़ ली। इससे झोपड़ी धू-धू कर जलने लगी। गांव के एक व्यक्ति ने झोपड़ी से निकल रही आग की लपटें देखकर शोर मचाया।
इसके बाद गांव के लोग आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू कर पाया, लेकिन तब तक इसमें सो रहे वृद्ध आग से बुरी तरह झुलस गए थे। आनन-फानन में पहुंचे परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी में लगे थे, इस बीच फेकू की मौत हो गई।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जेमें लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोगों का कहना है कि फेकू का गांव में पक्का मकान है, जहां परिवार के सभी लोग रहते हैं। चिन्गारी से लगी आग से झोपड़ी धू-धू कर जलने लगी। गांव के एक व्यक्ति ने आग की लपटें देखकर शोर मचाया।
स्थानीय विधायक विवेकानंद पांडेय ने रात में ही गांव पहुंचकर मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया और मदद दिलाने का भरोसा दिया।